Spread the love

गदरपुर। आगामी 16 फरवरी को राजभवन देहरादून के घेराव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गदरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश भर के कांग्रेसी 16 फरवरी को राज भवन का घेराव करेंगे और जनहित से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
नेताओं ने अंकिता भंडारी और किसान सुखवंत सिंह जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। साथ ही प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को “सीधी मौत” करार देते हुए कहा कि प्रशासनिक लापरवाही और खराब व्यवस्थाओं के कारण आए दिन निर्दोष लोगों की जान जा रही है।
इस दौरान सुभाष बेहड, प्रेमानंद महाजन, सुमित्तर भुल्लर तथा सिद्धार्थ भुसरी ने भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और अपराध के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।वक्ताओं ने कहा कि 16 फरवरी को देहरादून में होने वाले घेराव कार्यक्रम में गदरपुर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें।
अंत में नेताओं ने कहा कि यह घेराव प्रदेश की जनता की आवाज है और जब तक जनहित के मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी । इस मौके पर भीम ठुकराल,किशोर हालदार,रामविलास,ममता हालदार,नारायण हालदार, तारक बछाड़,किशोर सामंत, चंदन नयाल,प्रेम सिंह आदि उपस्थित रहे ।

You cannot copy content of this page