
सितारगंज स्थित सिडकुल एल्डिको औद्योगिक क्षेत्र में प्लाट संख्या 20(ए) के पास झाड़ी सफाई की आड़ में कुकाट और बहुमूल्य शीशम के हरे पेड़ों की अवैध कटान का सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसकी सूचना मिलते ही उत्तराखंड वन विभाग की किशनपुर रेंज टीम ने वन क्षेत्राधिकारी जी०एन० चनियाल के नेतृत्व में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नाले के किनारे से शीशम के कटे हुए बोटे (गिल्टे) बरामद कर वैज्ञानिक तरीके से नापतौल कर प्रजातिवार जब्त किए गए और वन चौकी एमबीआर गेट में सुपुर्दगी में जमा कराया गया। जांच के बाद औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े सिडकुल तथा एल्डिको के नाम पर सख्त जुर्माना काटते हुए विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इस बड़ी कार्रवाई में वन दरोगा संजय कुमार, वन दरोगा आर०डी० वर्मा, वन आरक्षी प्रकाश राणा सहित पूरी वन टीम सक्रिय रही। वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कटान माफियाओं में हड़कंप मच गया है और विभाग ने साफ संदेश दिया है कि पर्यावरण और हरित संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।










