
कासमपुर गढ़ी (रेहड़):
थाना रेहड़ क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम हसनपुर में एक बहू द्वारा अपनी सास की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मानियावाला निवासी निसार पुत्र अब्दुल वाहिद ने थानाध्यक्ष रेहड़ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी बहन शमीमा (55 वर्ष) का विवाह लगभग 35 वर्ष पूर्व थाना रेहड़ क्षेत्र के ग्राम हसनपुर निवासी जाबिर पुत्र सुबराती के साथ हुआ था। शादी के करीब 15 वर्ष बाद, यानी लगभग 20 वर्ष पूर्व शमीमा के पति जाबिर की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से शमीमा अपने पुत्र शाहनवाज और पुत्रवधू जैनब के साथ रह रही थी।
निसार का आरोप है कि बीती 18/19 दिसंबर की मध्यरात्रि को, जब शमीमा का पुत्र शाहनवाज घर पर मौजूद नहीं था, उसी दौरान उसकी पुत्रवधू जैनब ने शमीमा की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रेहड़ विजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि मृतका शमीमा के भाई निसार की तहरीर के आधार पर मृतका की पुत्रवधू जैनब पत्नी शाहनवाज, निवासी ग्राम हसनपुर थाना रेहड़, के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।










