Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज सुमाड़ी में वरिष्ठ हिन्दी अध्यापक व गढ़वाल मंडलीय नशा उन्मूलन नोडल अधिकारी के पद पर कार्यरत अखिलेश चन्द्र चमोला ने आगामी उत्तराखंड बोर्ड परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत और प्रयास बहुत जरूरी है। हम अच्छे अच्छे गुलाब व पुष्प की कल्पना करते हैं,तो उनकी प्राप्ति के लिए आधार भूमि भी तैयार करनी पड़ती है। मात्र कपोल कल्पना से कुछ भी अर्जित नहीं किया जा सकता है,सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य पर केंद्रित होना बहुत जरुरी है। हम अच्छे अंक कैसे प्राप्त करें,इस के लिए निम्न बातों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है।
1- समय-परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए समय का ध्यान रखना बहुत जरूरी है,विद्यार्थी बहुधा यह सोचते हैं कि कितने घंटे अध्ययन करना चाहिए,मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि कम से कम नियमित 5,6घन्टे पढ़ाई करना पर्याप्त है,बीच-बीच में हल्का सा संगीत भी सुनना चाहिए,जिससे मन बोझिल न हो,अध्ययन में निरन्तरता बनी रहनी चाहिये।
2- नोट्स अच्छे अंक की प्राप्ति में सहायक होते हैं,यह सभी भलीभांति जानते हैं कि परीक्षा का मानक लिखने पर ही निर्भर करता है,आप की अभिव्यक्ति की क्षमता बहुत अच्छी है लेकिन आप सही तरह से नहीं लिख पाते हैं तो आपको अच्छे अंक नहीं मिल सकते हैं,पढ़ना लिखना दोनों तरह का अभ्यास जरूरी है।
3- लेख की बनावट-प्रश्न पत्र हल करते समय उत्तर पुस्तिका पर आप का लेख मोती की तरह चमकना चाहिए,यदि आप अपना लिखा हुआ स्वयं नहीं पढ़ पा रहे हैं तो दूसरे से क्या कल्पना कर सकते हैं।
4- वर्तनी की शुद्धता-शब्दों का शुद्ध लिखा जाना बहुत जरूरी है,अशुद्ध शब्द दूर से ही पहचाने जाते हैं,वर्तनी की शुद्धता अभ्यास करने से बनती है।
5- स्वमूल्याकन-अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए समय-समय पर अपना मूल्यांकन करने की क्षमता भी विकसित करनी चाहिए,इस के लिए पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र हल करने का अभ्यास करना चाहिए।
6- उद्वरण-उद्धरण का अर्थ है कि प्रश्न के उत्तर के सन्दर्भ में विद्वानों द्वारा कहे हुए कथन,जो हमें अपने आप में प्रामाणिकता को स्पष्ट करते हैं,उन्हें रेखांकित भी किया जाना चाहिए,जिससे परीक्षक की दृष्टि उस कथ्य पर पड़े।
7- प्रश्न की समझ विकसित-प्रश्न की समझ विकसित होनी बहुत जरूरी है,प्रश्न के अनुसार ही उत्तर देना प्रश्न की समझ कहलाता है,प्रश्न क्या पूछा गया है,इसका उत्तर क्या दे दिया,ऐसे में अच्छे अंक नहीं मिल सकते हैं,प्रश्न की समझ पूर्व प्रश्न पत्र के आधार पर तैयार की जा सकती है।
8- सही उत्तर-प्रश्न का सही उत्तर देना बहुत ही जरूरी है,बहुधा हम यह भ्रान्त धारणा रखते हैं कि बहुत ज्यादा लिखने से ज्यादा अंक मिलते हैं,यह सोच सरासर गलत है,इससे किसी तरह का लाभ नहीं मिल सकता,अपना ही नुकसान होता है,अनावश्यक लिखने से समय का भी व्यय होता है।
9- दिशा निर्देशन-समय-समय पर अपने विषयाध्यापकों से मार्ग दर्शन लेना चाहिए,जो बात सही तरह से समझ में नहीं आ रही है, उसे बिना किसी संकोच के पूंछ लेना चाहिए।
10- पूरे प्रश्नों को हल करें-परीक्षा में पूरे प्रश्न हल करने बहुत ही जरूरी है,पूरे प्रश्न पत्र हल करने पर ही आप शत प्रतिशत अंक प्राप्त करने की सोच सकते हैं।
11- खानपान-खान पान में भारी भोजन का प्रयोग बिल्कुल न करें। जितना हो सके प्रोटीन युक्त भोजन का ही प्रयोग करें।
12- परीक्षा का पैटर्न जानना-अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए परीक्षा का पैटर्न जानना जरूरी है। कौन प्रश्न कितने अंक का है,इसकी जानकारी आप विगत वर्षों के प्रश्न पत्र के आधार पर भी कर सकते हैं।
13- उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने के लिए कठोर परिश्रम करना बहुत जरूरी है।
14- आलस्य का परित्याग करें, कोई भी कार्य कल पर न टालें।
15- इतिहास साक्षी है जिस राजा ने भी मेहनत की वही भविष्य में चक्रवर्ती सम्राट बना।
16- जो विषय कठिन लगते हैं,उन विषयों को ज्यादा समय देना बहुत जरूरी है।
17- जो भी परीक्षा में योग्यता क्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करके नया कीर्तिमान स्थापित करते हैं।वे भी आप की ही तरह सामान्य विद्यार्थी हैं।जब उन्हें इस तरह की सफलता मिल सकती है,तो हमें क्यों नहीं मिल सकती है।
18- समय सारणी के अनुसार अध्ययन करें।
19- प्रश्नो को क्रमानुसार ही करें।
20- प्रश्न नम्बर बीच में डालें। 21- प्रश्नो की उत्तर संख्या साफ़ साफ़ व स्पष्ट लिखें। 22-कभी भी मन में खोने वाली बात न सोचें।ऐसा चिंतन करें कि मैंने कुछ भी नहीं खोया है। मेरी मेहनत मुझे बहुत बड़ा पारितोषिक देने वाली है। जीवन में सफलता प्राप्ति की उत्कट इच्छा होनी चाहिए। इससे अपने आप रास्ते निकल जाते हैं।सारी रुकावटें समाप्त हो जाती है। परिश्रम के अभाव में सफलता कोसों मील दूर चली जाती है। इस प्रकार सफलता प्राप्त करने के लिए जो सुझाव दिए हुए हैं,उनका विधिवत तरीके से अध्ययन करने के उपरांत अपने जीवन में उतारने का प्रयास करें। निश्चित रूप से सफलता तुम्हारे कदम चूमेगी।

You missed

You cannot copy content of this page